home page

बाक्सा में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा

 | 
बाक्सा में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा


बाक्सा (असम), 10 जून (हि.स.)। असम सरकार के परिवहन एवं बोडोलैंड कल्याण विभाग के मंत्री तथा बाक्सा जिले के अभिभावक मंत्री चरण बोडो ने बुधवार को मूसलपुर स्थित जिला आयुक्त के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में संचालित प्रमुख सरकारी योजनाओं और विकासात्मक पहलों की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक में विधायक थानेश्वर बसुमातारी और मानेश्वर ब्रह्म, बीटीसी के कार्यकारी सदस्य बेगम अख्तारा और ऑगस्टस टिग्गा, एमसीएलए दिगंत ग्यारी और रेखा रानी दास बोडो, जिला आयुक्त किमनेई चांगसान, अतिरिक्त जिला आयुक्तों, सर्किल अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रमुखों तथा अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत अभिभावक मंत्री और जिला अधिकारियों के परिचयात्मक संवाद से हुई, जिसके बाद जिले में चल रही कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने अरुणोदय तथा मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (सीएमएएए) सहित राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया। इसके साथ ही असम दर्शन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में बाढ़ की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत सामग्री की उपलब्धता, अनुग्रह सहायता की व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तथा राहत एवं बचाव उपायों की तैयारियों का मूल्यांकन किया। पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थानों की उपलब्धता और पशुपालन विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा मानव-हाथी संघर्ष से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए सौर विद्युत बाड़, जैविक बाड़बंदी तथा वृक्षारोपण जैसी रोकथाम संबंधी पहलों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। जिले की सड़क एवं भवन अवसंरचना, परिवहन सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए चरण बोरो ने कहा कि विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की निगरानी के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि वह आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का निरीक्षण करेंगे।

बैठक के दौरान जिला आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मंत्री को चल रही परियोजनाओं, विभागीय चुनौतियों तथा जिले की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश