home page

असम-बंगाल सीमा के छगलिया में 14 संदिग्ध तस्करी के मवेशियों समेत ट्रक जब्त

 | 

धुबड़ी (असम), 04 नवम्बर (हि.स.)। असम-पश्चिम बंगाल सीमा के छगलिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 मवेशियों समेत एक ट्रक जब्त किया है। इस मामले में ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से एएस-15एसी-6903 नंबर के ट्रक में 14 मवेशियों को लादकर छागलिया के रास्ते असम में प्रवेश कराया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर आज तड़के छगलिया पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 14 मवेशी बरामद हुए। पूछताछ करने पर ड्राइवर मवेशियों से संबंधित कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि लंबे समय से एक कथित मवेशी तस्करी गिरोह पर दूसरे राज्यों से धुबड़ी जिले के रास्ते असम में मवेशियों की अवैध तस्करी कर बड़े पैमाने पर कारोबार संचालित किए जाने के आरोप लगते रहे हैं। छगलिया में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की जांच में तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है। बताया जाता है कि असम पहुंचने के बाद मवेशियों को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कराकर पड़ोसी देश बांग्लादेश भेजा जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा