home page

बदरुद्दीन अजमल का तीखा बयान, मुख्यमंत्री को दी चेतावनी

 | 
बदरुद्दीन अजमल का तीखा बयान, मुख्यमंत्री को दी चेतावनी


गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने एक बार फिर अपने बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यदि “मियां समुदाय के साथ सख्ती की जाएगी, तो वे भी उसी भाषा में जवाब देंगे।”

उन्होंने सोमवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री “मियां लोगों की कमर तोड़ने” की बात करते हैं, तो वे भी मुख्यमंत्री के खिलाफ उसी तरह की कार्रवाई की चेतावनी देते हैं। अजमल ने यह भी कहा कि यदि उनके समुदाय के साथ दबंगई की जाएगी, तो वे भी दबंगई से ही जवाब देंगे।

अजमल ने आरोप लगाया कि असम में न तो कोई विकास के कार्य हुए, ना ही लोगों को कोई सुविधा दी गई। राज्य के ना तो अस्पताल सही हैं, न ही शिक्षण संस्थान। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा का एकमात्र एजेंडा मियां है और वह हमेशा मियां-मियां करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद हिमंत मियां-मियां के बदले म्याऊं-म्याऊं करते रह जाएंगे।

अजमल के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। विपक्ष और सत्तापक्ष के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश