पीएम-एनएपीएस के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित
इटानगर, 17 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग द्वारा आज इटानगर में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (पीएम-एनएपीएस) के अंतर्गत विशेष पायलट पहल पर एक जागरूकता कार्यशाला का आज आयोजन किया गया।
पापुम पारे जिले में आयोजित यह कार्यशाला चालू वित्त वर्ष में आयोजित की गई ऐसी नौवीं पहल थी। इससे पहले राज्य के आठ अन्य जिलों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
सभा को संबोधित करते हुए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री न्यातो दुकाम ने कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर बल दिया और श्रम की गरिमा के प्रति सामाजिक सोच में बदलाव लाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी माहौल में रोजगार के लिए कौशल अनिवार्य हो गए हैं और आरक्षण प्रावधानों के बावजूद, कौशल की कमी उद्योगों में अवसरों को सीमित कर देती है।
युवाओं को पारंपरिक नौकरी की तलाश से आगे बढ़कर अन्य आकांक्षाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए मंत्री ने उनसे रोजगार सृजनकर्ता बनने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों ने उद्यमिता, कौशल संवर्धन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की पहल उपलब्ध होने के बावजूद, जागरूकता की कमी अभी भी बनी हुई है और समय पर आयोजित किए गए जागरूकता कार्यक्रमों के लिए विभाग की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ऐसे प्रयास युवाओं को कुशल, आत्मनिर्भर बनने और कौशल संपन्न भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।
मंत्री के सलाहकार डॉ. महेश चाई ने अपने संबोधन में कौशल आधारित व्यवसायों के प्रति युवाओं की सोच में बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी रोजगार की सीमित उपलब्धता के कारण व्यावसायिक और तकनीकी करियर की ओर रुख करना आवश्यक हो जाता है, जिसमें प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल वर्क और मैकेनिक्स जैसे ट्रेड शामिल हैं, जो स्थायी आजीविका के अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना केवल आईटीआई प्रशिक्षुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों के लिए खुली है। पीएम-एनएपीएस को विभाग की एक आधारशिला बताते हुए उन्होंने कहा कि यह रोजगार क्षमता बढ़ाने और विभिन्न ट्रेडों में भर्ती को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

