एसएसबी प्रथम वाहिनी में वित्तीय साक्षरता पर जागरूकता कक्षा आयोजित
गुवाहाटी, 20 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में सोमवार को वित्तीय साक्षरता विषय पर जागरूकता कक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक तथा 'संदीक्षा' की अध्यक्षा वैशाली कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य एसएसबी के कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को बचत, निवेश, डिजिटल बैंकिंग, बीमा, पेंशन योजनाओं तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक करना था।
इस अवसर पर प्रथम वाहिनी के एएसआई (जीडी) महेंद्र सौकिया ने कार्मिकों और उनके परिवारों को सेवा अवधि तथा सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली विभिन्न वित्तीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीमा कवर, पेंशन, सीजीईडीआईए तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की और उनका लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी कार्मिकों की पत्नियों के कल्याण संघ 'संदीक्षा' की वार्षिक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में महिला सशक्तिकरण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य शिविर, कौशल विकास तथा अन्य कल्याणकारी गतिविधियों को लेकर आगामी वर्ष की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम में 'संदीक्षा' की सदस्याओं सहित प्रथम वाहिनी के अधिकारियों के परिवारों की महिलाओं ने भाग लिया। आयोजन के अंत में प्रतिभागियों से वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ परिवारों में वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

