home page

एसएसबी ने लोखरा में बालिका शिक्षा और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए

 | 
एसएसबी ने लोखरा में बालिका शिक्षा और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए


गुवाहाटी, 10 नवंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी, सोनापुर की ओर से मंगलवार को असम के लोखरा स्थित गणेश मंदिर में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में लोखरा स्थित ‘ई’ कंपनी द्वारा इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर नवीन चंद्र दास उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय लोगों को दोनों अभियानों के उद्देश्यों और महत्व की जानकारी दी।

‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता और समाज में लड़कियों को समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इस कार्यक्रम में एसएसबी के 15 जवानों और 16 स्थानीय निवासियों सहित कुल 31 लोगों ने भाग लिया।

वहीं, ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई। इस कार्यक्रम में एसएसबी के 14 जवानों और 16 स्थानीय निवासियों सहित कुल 30 लोग शामिल हुए।

इन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय लोगों को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होने तथा बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश