गोलाघाट में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गोलाघाट (असम), 29 अगस्त (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को गोलाघाट स्थित एक सरकारी विद्यालय में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पहली बटालियन की ‘एफ’ कंपनी की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम बटालियन एसएसबी, सोनापुर के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एफ’ कंपनी, गोलाघाट के सहायक कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर आई. जमीर ने विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों तथा मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने लोगों से नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

