home page

विधायकों के लिए स्वास्थ्य योजनाओं पर जागरूकता बैठक आयोजित, जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील

 | 
विधायकों के लिए स्वास्थ्य योजनाओं पर जागरूकता बैठक आयोजित, जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील


गुवाहाटी, 24 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की पहल पर शुक्रवार को असम विधानसभा परिसर स्थित जीएनबी भवन सभागार में राज्य के विधायकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को राज्य और केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं, रोग नियंत्रण कार्यक्रमों तथा जनस्वास्थ्य पहलों की विस्तृत जानकारी देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त-सचिव डॉ. पी अशोक बाबू के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। इसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) असम के मिशन निदेशक डॉ. लक्ष्मणन एस ने टीबी मुक्त भारत अभियान, स्कूल हेल्थ क्लब, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी, आयुष्मान भारत, स्वास्थ्य मेगा कैंप, जापानी इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू तथा एड्स जागरूकता सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

बैठक को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अशोक सिंघल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विधायकों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का व्यापक प्रचार करने और लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

मंत्री ने आयुष्मान भारत, स्नेह स्पर्श योजना, गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपलब्ध विशेष स्वास्थ्य सेवाओं तथा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने सभी विद्यालयों में प्रस्तावित हेल्थ क्लबों के सफल गठन में विधायकों के सहयोग की अपील की और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति एवं चुनौतियों की समीक्षा के लिए प्रत्येक तीन माह में विधायकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया।

बैठक में असम विधानसभा के उपाध्यक्ष हाबे तेरोन, श्रम मंत्री रामेश्वर तेली, मत्स्य मंत्री नीलिमा देवी सहित कई विधायक उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश