शक्ति आश्रम में बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता सभा आयोजित
कोकराझार (असम), 07 सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार जिले के दोतमा विकास खंड के अंतर्गत खुकसी ब्रजखाल गांव स्थित स्वामी योगानंद गिरि हाई स्कूल में बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता सभा आयोजित की गई। गैर-सरकारी संस्था सत्रा एनजीओ के तत्वावधान में आयोजित इस सभा का उद्देश्य समाज में बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना था।
एनजीओ की ओर से आज बताया गया है कि बीते 5 सितंबर को आयोजित सभा की अध्यक्षता केबीएसएमई स्कूल के प्रधानाध्यापक मलेन राजवंशी ने किया। कार्यक्रम में एनजीओ के जिला समन्वयक प्रांजल बरुवा, स्वामी योगानंद गिरि हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक ज्योतिष राय, सीएसडब्ल्यू मीना बर्मन सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा गांवबूढ़ा समेत स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सभा में वक्ताओं ने बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही बाल श्रम से बच्चों के भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव और उन्हें शिक्षा के अधिकार से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम को रोकने के लिए परिवार, विद्यालय, समाज तथा प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों एवं ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए जागरूक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

