आउनीआटी सत्राधिकार का ब्रिटिश संसद में होगा ऐतिहासिक संबोधन
माजुली (असम), 24 अप्रैल (हि.स.)। असम तथा भारत के लिए गौरव का क्षण लेकर आए आउनीआटी सत्र के सत्राधिकार श्रीश्री पीताम्बर देव गोस्वामी, जो पहली बार ब्रिटिश संसद को संबोधित करेंगे। यह ऐतिहासिक अवसर आगामी 8 जून को होगा, जब सत्राधिकार ब्रिटेन की यात्रा पर जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे ब्रिटिश संसद के लगभग 65 सदस्यों के समक्ष अंग्रेजी में अपना भाषण प्रस्तुत करेंगे। उनके संबोधन का मुख्य विषय असम की समृद्ध कला-संस्कृति, सत्रिया नृत्य, सत्रिया संगीत तथा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के जीवन और योगदान पर केंद्रित होगा।
सत्राधिकार श्रीश्री पीताम्बर देव गोस्वामी ने इस अवसर पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि एक सत्राधिकार के रूप में विदेशी भूमि पर असम की लोकसंस्कृति को प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। वहीं, ब्रिटिश संसद से प्राप्त इस निमंत्रण को लेकर माजुली के लोगों में भी व्यापक उत्साह और खुशी देखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

