अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर असम भाजपा मुख्यालय में श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर असम प्रदेश भाजपा की ओर से रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। असम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सैकिया ने वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सैकिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि कवि, साहित्यकार और कुशल पत्रकार के रूप में भी विशिष्ट पहचान रखने वाले बहुआयामी व्यक्तित्व थे। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, मानवीय संवेदनाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांत आधारित राजनीति का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक शिल्पकारों और मार्गदर्शकों में शामिल वाजपेयी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। वे असम और पूर्वोत्तर की समस्याओं के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील थे। असम आंदोलन के दौरान उन्होंने असम का दौरा कर आंदोलनकारियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया था और संसद में भी आंदोलन से जुड़े मुद्दों को उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था।
सैकिया ने कहा कि वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय समुदायों के कल्याण के लिए अलग जनजातीय कार्य विभाग की स्थापना तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (डोनर) का गठन हुआ। उन्होंने देश में बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा देने वाली स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन जैसी महत्वाकांक्षी पहलों के माध्यम से वाजपेयी ने देश के विकास और जनकल्याण के लिए दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उनके आदर्श, राष्ट्रभक्ति और सेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने “अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें”, “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह जानकारी असम भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने दी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

