अरुणाचल विस में तीन अहम बिल पास
इटानगर, 08 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के आठवें सत्र (विशेष सत्र) के पहले दिन ध्वनि मत से तीन अहम बिल पास किए गए, ये बिल राज्य में शासन, जन सुरक्षा और नियोजित विकास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम पर ध्यान में रखते हुए पास किए गए हैं।
बिल को सदन में पेश किए जाने और उन पर चर्चा के बाद इन बिलों को ध्वनि मत से पास किया गया।
उद्योग मंत्री न्याटो डुकाम ने 'अरुणाचल प्रदेश माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (सुविधा, स्थापना और संचालन) बिल, 2026' पेश किया। इसका मकसद राज्य में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम की स्थापना और संचालन के लिए बेहतर माहौल बनाना है।
इस प्रस्तावित , स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज कानून को कुछ मंजूरियों और निरीक्षणों से छूट देने का प्रावधान है, ताकि समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके, रोजगार पैदा किए जा सकें और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा सके।
हालांकि, इस बिल में जन स्वास्थ्य और सुरक्षा, आदिवासी भूमि अधिकारों, वन कानूनों और श्रम कल्याण से जुड़े मौजूदा सुरक्षा उपायों को बनाए रखने का भी प्रावधान है।
गृह मंत्री मामा नाटुंग ने 'अरुणाचल प्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (संशोधन) बिल' पेश किया। इस कानून का मकसद मौजूदा अग्निशमन और आपातकालीन सेवा कानून के प्रावधानों में संशोधन करना है, खासकर उन प्रावधानों में जो 'नेशनल बिल्डिंग कोड' (राष्ट्रीय भवन संहिता) से संबंधित हैं।
शहरी मामलों के मंत्री बालो राजा ने 'अरुणाचल प्रदेश हवाई अड्डा क्षेत्र विकास प्राधिकरण बिल' पेश किया। इसमें होलोंगी हवाई अड्डे के आसपास नए टाउनशिप के नियोजित विकास के लिए एक प्राधिकरण बनाने का प्रस्ताव है।
यह प्राधिकरण हवाई अड्डा क्षेत्र में टाउनशिप विकास की योजना बनाने, समन्वय, क्रियान्वयन, निगरानी और वित्तपोषण के साथ-साथ शहरी सेवाओं के प्रबंधन और निगरानी के लिए जिम्मेदार होगा।
इस कानून का मकसद राज्य में हवाई अड्डा के अंदर और आसपास बुनियादी ढांचे के विकास और मौजूदा सुविधाओं को अपग्रेड करने में मदद करना भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

