home page

चुनाव आयोग के बयान ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के झूठ को किया उजागर : पवित्र मार्घेरिटा

 | 

जोरहाट (असम), 29 सितंबर (हि.स.)। चुनाव आयोग के ताजा स्पष्टीकरण के बाद कांग्रेस और 'इंडी' गठबंधन का दुष्प्रचार और झूठी राजनीति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है, यह टिप्पणी आज जोरहाट में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने की।

मंत्री ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो आयुक्तों डॉ. विवेक जोशी और डॉ. एसएस संधू की उपस्थिति में आयोग ने स्पष्ट किया कि पूरे देश में लागू किए गए एसआईआर से संबंधित सभी निर्णय तीनों आयुक्तों ने सर्वसम्मति से लिए थे, जिस प्रक्रिया को गत 27 मई को न्यायालय ने भी वैध घोषित किया था। कांग्रेस ने एक मीडिया की निराधार खबर और कैबिनेट सचिव को भेजे गए एक असंगत पत्र को हवा देकर निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया को बदनाम करने की कोशिश की थी, लेकिन फॉर्म-6 के संबंध में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उनका यह प्रयास विफल हो गया।

उन्होंने कहा कि जब भी विपक्ष जनता की अदालत में पराजित होता है, तब अपनी हताशा दूर करने के लिए न्यायालय और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप लगाता है। राहुल गांधी ने पहले भी ईवीएम को 'ब्लैक बॉक्स' कहा, राफेल मामले में अदालत में माफी मांगी, विदेश में देश की न्यायपालिका की आलोचना की और सेना की सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा तवांग सीमा की घटना को लेकर दुष्प्रचार कर संवैधानिक और राष्ट्रीय संस्थानों की विश्वसनीयता को ठेस पहुंचाते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के इस रुख के बाद कांग्रेस का असली स्वरूप सामने आ गया है और पार्टी को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai