home page

मणिपुर-म्यांमार से जुड़े ड्रग्स तस्करी कॉरिडोर के रूप में उभर रहा है कछार

 | 
मणिपुर-म्यांमार से जुड़े ड्रग्स तस्करी कॉरिडोर के रूप में उभर रहा है कछार


कछार (असम), 23 मई (हि.स.)। असम का कछार जिला अब नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम के रास्ते म्यांमार तथा अन्य पूर्वी देशों से जुड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का प्रमुख कॉरिडोर बनता जा रहा है। इसी कड़ी में कछार जिलांतर्गत लखीपुर थाना क्षेत्र में असम राइफल्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस मुख्यालय से आज जारी आधिकारिक बयान के अनुसार खुफिया सूचना के आधार पर अवैध एनडीपीएस पदार्थों के परिवहन को लेकर संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास से 10 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट (करीब 1.072 किलोग्राम), संदिग्ध हेरोइन से भरे दो साबुनदानी (21 ग्राम) तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार डीडी किट परीक्षण में बरामद सामग्री याबा और हेरोइन पाई गई। पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि मादक पदार्थों की खेप मणिपुर से बराक नदी के रास्ते असम लाई जा रही थी। उनकी निशानदेही पर बराक नदी से एक मशीनयुक्त नाव भी बरामद कर जब्त की गई, जिसका उपयोग ड्रग्स परिवहन में किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जेम एल मालसॉम (27) तथा केन्यरोजर हमार (30), दोनों निवासी कांग्रेंगदोर गांव, फेरजावल जिला, मणिपुर के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई बराक घाटी में नदी मार्गों और अंतरराज्यीय रास्तों के जरिए म्यांमार सीमा से आने वाले मादक पदार्थों की तस्करी के बढ़ते नेटवर्क की ओर संकेत करती है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश