home page

असमिया साहित्य सम्मेलन का सर्वोच्च 'सदस्य वरेण्य' सम्मान फणीन्द्र नाथ गायन को

 | 

नगांव (असम), 10 जुलाई (हि.स.)। असमिया साहित्य सम्मेलन ने वर्ष 2025-27 की केंद्रीय समिति के निर्णय के तहत अपने सर्वोच्च सम्मान 'सदस्य वरेण्य' के लिए नगांव जिले के वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी फणीन्द्र नाथ गायन का चयन किया है।

गायन पूर्व में असम साहित्य सभा के उपाध्यक्ष तथा नगांव जिला साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहानी, उपन्यास, जीवनी, आलोचना और व्यंग्य साहित्य सहित विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया है। साथ ही, पुरनीगोदाम क्षेत्र की अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं का नेतृत्व भी किया है।

सम्मेलन की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह सम्मान 8 अगस्त को सुबह 11 बजे नगांव जिले के पुरनीगोदाम स्थित बापूजी भवन एवं पुस्तकालय में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों और स्थानीय संस्थाओं द्वारा भी गायन का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।

सम्मेलन के महासचिव डॉ. भास्कर भुइयां ने बताया कि समारोह के लिए स्वागत समिति का गठन कर दिया गया है तथा क्षेत्र के सभी लोगों से दल, मत और धर्म से ऊपर उठकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश