340 करोड़ रुपये से होगा असम चिड़ियाघर का कायाकल्प, पक्षीशाला और टॉय ट्रेन समेत कई नए आकर्षण
गुवाहाटी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। असम के गुवाहाटी स्थित राज्य चिड़ियाघर सह वनस्पति उद्यान का करीब 340 करोड़ रुपये की लागत से बड़े पैमाने पर पुनर्विकास किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इसे विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने शुक्रवार को चिड़ियाघर में 72वें वन्यजीव सप्ताह समारोह का उद्घाटन करते हुए पुनर्विकास योजना की जानकारी दी। उन्होंने चिड़ियाघर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
परियोजना के तहत कई नई आधारभूत सुविधाएं और पर्यटकों के लिए आकर्षण विकसित किए जाएंगे। साथ ही चिड़ियाघर के प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखते हुए उसका उपयोग करने की योजना है। बरुवा ने कहा कि कई नए प्रावधानों के साथ चिड़ियाघर का पुनर्निर्माण किया जा रहा है और कार्य पूरा होने के बाद इसे देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रमुख चिड़ियाघरों में शामिल करने का प्रयास है।
परियोजना के प्रमुख आकर्षणों में एक विशाल पक्षीशाला शामिल है। मंत्री के अनुसार, इसे बड़े पैमाने पर विकसित किया जा रहा है और यह दुनिया की सबसे बड़ी पक्षीशालाओं में से एक बन सकती है।
चिड़ियाघर के विस्तृत परिसर में पर्यटकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए टॉय ट्रेन शुरू करने की भी योजना है। इससे पर्यटकों को चिड़ियाघर के विभिन्न हिस्सों को आसानी से देखने में मदद मिलेगी।
बरुवा ने कहा कि विकास कार्य संतोषजनक गति से आगे बढ़ रहे हैं और अगले तीन से चार महीनों में प्रस्तावित कई सुविधाओं का स्वरूप स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि पूरे पुनर्विकास कार्य को पूरा होने में अभी अधिक समय लगेगा।
योजना तैयार करने के तहत वन विभाग के अधिकारियों ने बेंगलुरु और चेन्नई के चिड़ियाघरों का दौरा कर वहां की सुविधाओं का अध्ययन किया है। इन स्थानों पर अपनाई जा रही व्यवस्थाओं में से उपयोगी पहल को असम की परियोजना में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
मंत्री ने वन्यजीव सप्ताह के कार्यक्रमों का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत गज पूजन से हुई। इसके बाद वन विभाग के कर्मियों की बाइक रैली को चिड़ियाघर से पोबितोरा अभयारण्य के लिए रवाना किया गया।
इससे पहले गांधी जयंती के अवसर पर बरुवा ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और चिड़ियाघर एवं वनस्पति उद्यान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिड़ियाघर के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

