home page

असम विस के उपाध्यक्ष ने की महिला बिल पर कांग्रेस की निंदा, मोदी का समर्थन

 | 
असम विस के उपाध्यक्ष ने की महिला बिल पर कांग्रेस की निंदा, मोदी का समर्थन


गुवाहाटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा के उपाध्यक्ष नुमल मोमिन ने 18 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का समर्थन करते हुए कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल का पास न होना विपक्ष, खासकर इंडियन नेशनल कांग्रेस के असली चेहरे को उजागर किया है।

देश की आधी आबादी के अधिकार को लेकर मचे घमासान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मोमिन ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों के नेतृत्व वाले विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण का समर्थन करने के बार-बार दावे करने के बावजूद इस बिल को खारिज कर दिया। उन्होंने इस कदम को एक शर्मनाक हरकत बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष अक्सर महिलाओं को सशक्त बनाने की बात तो करता है, लेकिन जब मौका आया तो वह कुछ कर नहीं पाया।

उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि विदेश यात्राओं के दौरान वे भारत की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। मोमिन ने यह भी दावा किया कि विपक्ष का रवैया देश के विकास में बाधा डालने की मंशा दिखाता है, जो संसद में बिल पास न होने के बाद प्रधानमंत्री की टिप्पणियों से मेल खाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय