home page

असम में गोली लगने से जंगली हाथी की मौत, शिकार की आशंका

 | 
असम में गोली लगने से जंगली हाथी की मौत, शिकार की आशंका


-सिर पर मिले गोली के दो निशान, मेघालय के शिकारियों पर संदेह-पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मोरीगांव (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। असम के मोरीगांव जिले के जागीरोड स्थित शिलचांग में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी मृत अवस्था में मिला। हाथी के सिर पर गोली लगने के दो निशान पाए गए हैं। इससे उसके शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में खोलाहाट वन क्षेत्र से बाहर आया था। इसी दौरान उसे गोली मारे जाने की आशंका है। घटना में मेघालय के शिकारियों के शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हाथी की मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक दशक में 246 हाथियों की मौत

असम विधानसभा में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक दशक में राज्य में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं में कम से कम 1,147 लोगों और 246 हाथियों की जान जा चुकी है। ये आंकड़े राज्य में मानव-हाथी संघर्ष की गंभीरता को दर्शाते हैं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय