home page

आय से अधिक संपत्ति मामले में असम विजिलेंस सेल ने धेमाजी डीडीसी के सरकारी आवास पर मारा छापा

 | 
आय से अधिक संपत्ति मामले में असम विजिलेंस सेल ने धेमाजी डीडीसी के सरकारी आवास पर मारा छापा


धेमाजी (असम), 07 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री की विजिलेंस सेल की नौ सदस्यीय टीम ने सोमवार को धेमाजी के जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) एवं वरिष्ठ असम सिविल सर्विस (एसीएस) अधिकारी देबेश्वर बोरा के सरकारी आवास पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई कथित अनियमितताओं और ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की चल रही जांच के तहत की गई।

गुवाहाटी से दो वाहनों में पहुंची विजिलेंस टीम ने बोरा के सरकारी आवास की तलाशी लेने के साथ उनसे पूछताछ भी की। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक मामले की विस्तृत जानकारी या तलाशी के दौरान जांचे जा रहे दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों का खुलासा नहीं किया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक डॉक्टर की शिकायत के आधार पर विजिलेंस सेल ने मामला दर्ज किया था। शिकायत में स्वास्थ्य विभाग के तहत मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर बोरा के कार्यकाल के दौरान कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच के दौरान बोरा से कथित रूप से जुड़ी कुछ संपत्तियां भी जांच के दायरे में आईं। गुवाहाटी और लखीमपुर स्थित संपत्तियों की भी विजिलेंस सेल द्वारा जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के घेरे में आई कुछ संपत्तियां बोरा की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर दर्ज हैं। जांचकर्ता इन संपत्तियों के स्वामित्व और इन्हें खरीदने में इस्तेमाल धन के स्रोतों की भी पड़ताल कर सकते हैं।

सरकारी आवास में तलाशी और वरिष्ठ एसीएस अधिकारी से पूछताछ के जरिए विजिलेंस टीम को आरोपों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

विजिलेंस सेल ने सोमवार की कार्रवाई या जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश