home page

असम एचएसएलसी परिणाम में विद्या भारती के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, ज्योतिर्मय दास राज्य में प्रथम

 | 
असम एचएसएलसी परिणाम में विद्या भारती के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, ज्योतिर्मय दास राज्य में प्रथम


गुवाहाटी, 10 अप्रैल (हि.स.)। असम हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एचएसएलसी) परीक्षा 2026 में विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। शंकरदेव शिशु निकेतन, पटाचारकुची के मेधावी छात्र ज्योतिर्मय दास ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय और पूरे विद्या भारती परिवार का गौरव बढ़ाया है।

विद्या भारती के विद्यालय असम में शिशु शिक्षा समिति, असम के माध्यम से तथा बराक घाटी और डिमा हसाओ क्षेत्रों में शिक्षा विकास परिषद, दक्षिण असम के माध्यम से संचालित होते हैं। वर्तमान में राज्य में 576 विद्यालय मातृभाषा के माध्यम से मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

प्रांतीय प्रचार संयोजक मुकुटेश्वर गोस्वामी ने बताया कि इस वर्ष एचएसएलसी परीक्षा में 403 विद्यालयों के 10,375 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें से 5,623 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 3,546 ने द्वितीय श्रेणी तथा 516 ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त 1,333 विद्यार्थियों ने लेटर मार्क्स हासिल किए, जबकि 383 विद्यार्थियों ने विशिष्ट श्रेणी (डिस्टिंक्शन) प्राप्त की।

समग्र परिणाम पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि 164 विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि 17 विद्यालयों में सभी छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

विद्या भारती के संस्थान शिक्षा के साथ-साथ असम की समृद्ध संस्कृति और भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पिछले दो दशकों में विद्या भारती के आठ छात्रों ने राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

संस्था प्राथमिक से विश्वविद्यालय स्तर तक पंचपदी शिक्षण पद्धति और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास पर बल देती है।

डॉ. पवन तिवारी, प्रो. गंगा प्रसाद परसाई, डॉ. जगदीन्द्र रायचौधुरी, कुलेंद्र कुमार भगवती, जगन्नाथ राजबंशी, महेश भगवत, निहारेंदु धर तथा डॉ. दीपांकर पाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि, पूर्व वर्षों में भी विद्या भारती के छात्रों ने राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है, जिनमें हृद्यम ठाकुरिया (2023), मेघाश्री बोरा (2019), मो. सरफराज हुसैन (2016), ज्ञानदीप शर्मा एवं स्तुति खौंड (2012), प्रकाशज्योति कलिता (2011) तथा जुगल तालुकदार (2010) शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश