थलुवा बहुमुखी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा 2026 आयोजित
उदालगुड़ी, 25 सितंबर (हि.स.)। थलुवा बहुमुखी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा 2026 का आयोजन उदालगुड़ी जिले के रौता स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में किया गया। सभा में समिति की वर्तमान गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं तथा विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा आदर्श व्यक्तित्व और ‘असम केसरी’ अंबिकागिरी रायचौधरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
भारतीय किसान संघ (भाकिसं), असम प्रांत के संगठनिक सचिव कृष्णकांत बोरा ने आज बताया कि गुरुवार को आयोजित सभा में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, बाजार से जुड़ाव, कौशल विकास, ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने तथा रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। इन क्षेत्रों में समिति द्वारा किए जाने वाले कार्यों के लिए अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक योजनाओं को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य एवं विशेषज्ञ व्यक्तियों ने उपस्थित होकर समिति के विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने से संबंधित विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस मौके पर उपस्थित विशिष्ट व्यक्तियों में मुख्य रूप से भाकिसं असम प्रांत के संगठनिक सचिव कृष्णकांत बोरा, आरसीएस सहकार भवन (गुवाहाटी) के सेवानिवृत्त सहायक पंजीयक रिंटू बोरा, एआरसीएस (नगांव) के सेवानिवृत्त सहायक पंजीयक रंजीत कुमार बोरा, एआरसीएस (उदालगुड़ी) के वरिष्ठ निरीक्षक दिगंत कुमार दास, केवीके (लालपुल) के फार्म मैनेजर रमेन कलिता, विवेकानंद केंद्र (असम-अरुणाचल प्रदेश) के युवा प्रमुख अंतरिक्ष दास, नाबार्ड के संसाधन व्यक्ति ध्रुवज्योति सैकिया, थलुवा बहुमुखी सहकारी समिति लिमिटेड के सलाहकार मनोज कुमार शर्मा शामिल थे।
सभा में उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने समिति के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा प्राकृतिक कृषि, ग्रामीण उद्यमिता और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

