बारपेटा: कार और दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो युवकों की मौत, दो घायल
बरपेटा (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। असम के बरपेटा जिले के सर्थेबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राउली में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक ऑल्टो कार ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह राउली इलाके में तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान गहिया गांव निवासी अजय कुमार नाथ (23) और अरूप नाथ (26) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल अंकुर नाथ और धनंजय नाथ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अंकुर नाथ को गहिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि धनंजय नाथ को बेहतर इलाज के लिए बरपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ऑल्टो कार का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पिछले दिनों हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार के निर्देश पर परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई कड़े कदम उठाए हैं। इसके बावजूद राज्य में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

