नेपाल जलप्रलय में असम के दो लोग सुरक्षित, कई अब भी लापता
गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आयी भीषण जलप्रलय के बाद असम के नलबाड़ी जिले के दो निवासी समर बेजबरुवा और पंकज बर्मन सुरक्षित हैं। बचाव दल ने दोनों को सुरक्षित निकालकर काठमांडू पहुंचाया है। वहीं, नलबाड़ी के अरड़ा क्षेत्र के अरुण महंत का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
नेपाल से समर बेजबरुवा ने जलप्रलय के दौरान अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि अचानक इतनी तेजी से पानी आया कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई, लेकिन उनके साथ मौजूद तीन अन्य लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
नलबाड़ी के पंकज बर्मन भी जलप्रलय के बाद सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने अचानक आई बाढ़ के बीच अपनी जान बचाई।
इधर, गोलाघाट जिले के मेरापानी के जयपुखुरी क्षेत्र के रहने वाले राहुल दैमारी नेपाल में एक बिजली परियोजना में कार्यरत थे। जलप्रलय के बाद से वह लापता हैं।
राहुल की मां अपने बेटे की कोई खबर नहीं मिलने से बेहद चिंतित हैं और उनका कहना है कि बेटे की चिंता में उनका दिल जल रहा है।
नेपाल में जारी बचाव एवं राहत अभियान के बीच असम के लापता लोगों की भी तलाश जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

