home page

असम-त्रिपुरा के बीच खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को लेकर अहम बैठक

 | 
असम-त्रिपुरा के बीच खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को लेकर अहम बैठक


गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। असम के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री कौशिक राय ने शनिवार को अगरतला में त्रिपुरा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सुषांत चौधरी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की कार्यकुशलता बढ़ाने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवा वितरण व्यवस्था के विस्तार तथा लोगों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों ने खाद्य एवं उपभोक्ता कल्याण क्षेत्र में अपने-अपने अनुभव और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान किया। दोनों पक्षों ने विश्वास जताया कि इस तरह का सहयोग जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ असम और त्रिपुरा के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा।

कौशिक राय ने कहा कि अंतरराज्यीय सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान से जनसेवाओं की पारदर्शिता, प्रभावशीलता और पहुंच में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सुशासन और समन्वित प्रयासों के माध्यम से अंत्योदय के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में असम के अतिरिक्त मुख्य सचिव बिस्वरंजन समल, आयुक्त हेमंत भुइयां, त्रिपुरा सरकार के प्रधान सचिव शांतनु तथा निदेशक सुमित लोढ़ भी उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश