असम में ट्रांसपोर्ट हड़ताल दूसरे दिन भी जारीः यात्रियों को हो रही भारी परेशानी
-ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों एवं सरकार के बीच बैठक रही बेनतीजा
गुवाहाटी, 27 नवंबर (हि.स.)। पूरे असम में, खासकर राज्य के कमर्शियल हब गुवाहाटी में, यात्रियों को लगातार दूसरे दिन भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कमर्शियल ट्रांसपोर्ट की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण कई तरह के वाहन सड़कों से नदारद हैं।
इस हड़ताल से रोज सफर करने वाले लोगों, दफ्तर जाने वालों और छात्रों पर बुरा असर पड़ा है, जिससे उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। हालांकि, गुवाहाटी में ग्रीन बस चल रहे हैं, जिसके चलते गुवाहाटी के यात्रियों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को 'ऑल असम मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन' (एएएमटीए) और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही। एसोसिएशन ने साफ कहा है कि जब तक सरकार की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक वे अपना आंदोलन वापस नहीं लेंगे।
गुवाहाटी के जनता भवन में गुरुवार की दोपहर एक बजे हुई बैठक में ट्रांसपोर्ट कमिश्नर और सचिव आकाश दीप के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। हालांकि विभाग ने एसोसिएशन को भरोसा दिलाया कि उनकी छह मांगों पर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि सिर्फ जुबानी आश्वासन काफी नहीं हैं, उन्हें लिखित आश्वासन चाहिए।
एसोसिएशन ने बताया है कि सरकार उनकी उन मांगों को मानने के लिए तैयार हो गई है, जो व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी), स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी), परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य नियमों से जुड़ी हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ये आश्वासन लिखित रूप में नहीं मिल जाते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
वीएलटीडी और एसएलडी नियम को क्रियान्वित करने के की समय-सीमा को परिवहन विभाग ने एसोशिएशन के कहने पर 45 दिनों तक बढ़ा दिया है। साथ ही वाहनों के कागजातों को अपडेट करवाने के लिए भी 45 दिनों की समय सीमा को परिवहन विभाग ने बढ़ा दिया है। बावजूद इसके एसोसिएशन इन आश्वासनों को लिखित रूप में देने की मांग कर रहा है।
ज्ञात हो कि गुवाहाटी में खानापारा और इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) जैसे प्रमुख ट्रांसपोर्ट हब पर कामकाज ठप रहा, क्योंकि कमर्शियल ट्रांसपोर्ट सेवाएं बंद हैं।
हालांकि, पूरी तरह से सब कुछ बंद नहीं है; कुछ 'ग्रीन बसें' और सीमित संख्या में कैब चल रही हैं, जिससे फंसे हुए यात्रियों को थोड़ी राहत मिल रही है। फिर भी, सामान्य दिनों की तुलना में इन सेवाओं की उपलब्धता काफी कम है।
लंबी दूरी के यात्रियों, दफ्तर जाने वालों और छात्रों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है। ट्रांसपोर्ट के अन्य विकल्प न होने के कारण, इनमें से कई लोगों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में भारी संघर्ष करना पड़ रहा है।
ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों के हड़ताल की वजह
इस विरोध-प्रदर्शन का मुख्य कारण अनिवार्य वाहन सुरक्षा नियमों, खासकर 'स्पीड लिमिटिंग डिवाइस' (एसएलडी) और 'व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस' (विएलटीडी) को लागू करने के तरीके से एसोसिएशन का असंतुष्ट होना है।
एएएमटीए ने इन डिवाइस को लगाने की प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कामर्शियल वाहन मालिकों के पास इन अनिवार्य डिवाइसों को लगवाने के लिए बहुत कम विकल्प हैं। एसोसिएशन ने खास तौर पर इस बात पर चिंता जताई है कि गुवाहाटी में स्पीड लिमिटिंग डिवाइस लगाने के लिए केवल एक ही एजेंसी है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि सरकार इन डिवाइस को लगाने के लिए कई एजेंसियों को अधिकृत करे, ताकि यह प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बन सके।
इसके अलावा, एसोसिएशन ने असम में कमर्शियल वाहनों के लिए ऑटोमेटेड फिटनेस-टेस्टिंग सुविधाओं की कमी और तय पार्किंग जगहों के न होने पर भी चिंता जताई है।
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की अन्य मांगें
सुरक्षा डिवाइस लगाने के अलावा, एएएमटीए ने कई अन्य मांगें भी रखी हैं। इनमें ई-चालान से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए एक उचित व्यवस्था, हर जिले में 'ट्रांसपोर्ट अपीलेट ट्रिब्यूनल' (अपीलीय न्यायाधिकरण) का गठन और फिटनेस सर्टिफिकेट व परमिट रिन्यू कराने की प्रक्रिया को सरल बनाना शामिल है। एसोसिएशन ने बढ़े हुए करों और शुल्कों से राहत, 20 साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए स्क्रैपिंग नीति पर स्पष्टता, और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे की भी मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

