home page

(अपडेट) लामडिंग –बदरपुर पहाड़ी खंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित,बहाली का काम जारी

 | 
(अपडेट) लामडिंग –बदरपुर पहाड़ी खंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित,बहाली का काम जारी


-फंसे यात्रियों को भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया, 194 स्कूली बच्चों को विशेष बसों से सिलचर भेजने की व्यवस्था

गुवाहाटी, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के लामडिंग मंडल के अंतर्गत लामडिंग-बदरपुर सिंगल लाइन पहाड़ी रेलखंड पर शुक्रवार रात ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। बंदरखाल और दामछेड़ा स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतर जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि फंसे हुए यात्रियों की सहायता के लिए विभिन्न स्टेशनों पर हेल्प डेस्क खोले गए हैं। यात्रियों को टिकट का रिफंड देने के साथ ही भोजन के पैकेट और पानी की बोतलें भी उपलब्ध कराई गईं।

उन्होंने बताया कि करीब 194 स्कूली बच्चे भी लामडिंग स्टेशन पर फंस गए थे। ये बच्चे सैरांग जा रहे थे। ट्रेनों के रद्द होने के कारण उनकी यात्रा बाधित हुई। रेलवे की ओर से बच्चों को रात का खाना, नाश्ता और दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा, उन्हें विशेष बसों से सिलचर भेजने की व्यवस्था की गई है। सिलचर से वे सैरांग तक की आगे की यात्रा विशेष ट्रेन से करेंगे।

सीपीआरओ ने बताया कि रेलखंड पर परिचालन बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है। हालांकि, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बहाली में कुछ समय लग सकता है। ट्रैक बाधित होने के चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों की यात्रा बीच रास्ते में ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) कर दी गई है।

रद्द की गई ट्रेनें

28 नवंबर की निम्नलिखित ट्रेनें रद्द की गई हैं—

- 12504 अगरतला-एसएमबीवी एक्सप्रेस- 15616 सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस- 15626 अगरतला-देवघर एक्सप्रेस- 15641 सिलचर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस- 15610 सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस- 15611 रंगिया-सिलचर एक्सप्रेस- 15650 नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस- 15649 अगरतला-नारंगी एक्सप्रेस- 15612 सिलचर-रंगिया एक्सप्रेस- 15617 गुवाहाटी-दुर्लभछेड़ा एक्सप्रेस- 15615 गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस- 15650 नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस- 15609 गुवाहाटी-सैरांग एक्सप्रेस

इसके अलावा, 29 नवंबर की 15642 न्यू तिनसुकिया-सिलचर एक्सप्रेस और 15618 दुर्लभछेड़ा-गुवाहाटी एक्सप्रेस भी रद्द रहेंगी।

शॉर्ट टर्मिनेट की गई ट्रेनें

26 नवंबर को रवाना हुई 11665 रानी कमलापति-अगरतला एक्सप्रेस की यात्रा न्यू हाफलोंग में समाप्त कर दी जाएगी। यह ट्रेन न्यू हाफलोंग और अगरतला के बीच रद्द रहेगी।

इसी तरह, 27 नवंबर को रवाना हुई 15650 नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस भी न्यू हाफलोंग में ही शॉर्ट टर्मिनेट की जाएगी। यह ट्रेन न्यू हाफलोंग से अगरतला के बीच रद्द रहेगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय