home page

हेलमेट नहीं पहनने पर सिर्फ जुर्माना ही नहीं गंभीर कानूनी परेशानियों का करना पड़ेगा सामना- मुख्यमंत्री

 | 
हेलमेट नहीं पहनने पर सिर्फ जुर्माना ही नहीं गंभीर कानूनी परेशानियों का करना पड़ेगा सामना- मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स.)। असम में यातायात नियमों को लेकर प्रशासन बेहद कड़े कदम उठा रही है। ज्ञात हो कि बीते 13 नवंबर को एक बड़े सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद सरकार ने कठोर कदम उठाया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में यातायात को लेकर बीते दिनों हुई बैठक में यातायात को लेकर 12 सूत्री एसओपी जारी किया गया है। इसके मद्देनजर पूरे राज्य में पुलिस, यातायात पुलिस, एमवीआई सड़क पर लगातार अभियान चला रहे हैं।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज तड़के सोशल मीडिया फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि हेलमेट नहीं पहनने पर सिर्फ जुर्माना ही नहीं लगेगा, बल्कि और भी गंभीर कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है!

मुख्यमंत्री ने कहा है कि कुछ जगहों पर पुलिस चेकिंग होती है, किसी-किसी जगह एम वी आई भी होती है, इसलिए हमें हेलमेट पहनने की मानसिकता को अपनाना ही होगा। हेलमेट पहनना सबकी सुरक्षा के लिए है। डॉ. सरमा ने कहा है कि मैं फिर कहता हूं, दोपहिया वाहन चला रहे या सवारी कर रहे सभी को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। साथ ही कहा कि राज्यवासी जानकर हैरान होंगे, आजकल ट्रैफिक पुलिस के अभियान में राज्यभर में हेलमेट नहीं पहनने वाले दोपहिया चालकों का जो आंकड़ा मिला है, वह सच में चिंताजनक है। फिर से बताऊं- हालिया एक जानकारी में देखा गया कि दोपहिया दुर्घटनाओं में मारे गए व्यक्तियों में 60.1% लोग हेलमेट नहीं पहनने वाले सवार थे।

मुख्यमंत्री ने कहा है, मैंने वाहन कानून लागू करने वाली संस्थाओं को कड़ी निर्देश दे दिया है कि अगर कोई व्यक्ति दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनता, तो पहले की तुलना में सख्त कदम उठाए जाएं। इस उल्लंघन की गंभीरता ज्यादा होने पर लाइसेंस या पंजीकरण रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। थोड़ी सी रोमांच या एड्रेनालाईन की तलाश में कोई भी दोपहिया या अन्य वाहन चलाने वाला कानून का उल्लंघन नहीं करेगा। यह कार्रवाई केवल शुरुआत है, आम जनता की सुरक्षा के लिए हमारा यह कदम जारी रहेगा और मैं व्यक्तिगत रूप से सभी का निरीक्षण करता रहूंगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय