असम में 1 नवंबर से 23 जनवरी तक होगा ‘खेल महारण’, पहली बार अंडर-12 वर्ग शामिल
गुवाहाटी, 07 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कई महत्वपूर्ण फैसलों और घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में इस वर्ष 1 नवंबर से 23 जनवरी तक ‘खेल महारण’ का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए अंडर-12 खेल महारण आयोजित किया जाएगा। राज्य के 300 प्रतिभाशाली बाल खिलाड़ियों को जलपान प्रदान किया जाएगा। खेल महारण का आयोजन पंचायत, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर होगा, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं गुवाहाटी में आयोजित की जाएंगी। इस बार योगासन को भी खेल महारण में शामिल किया गया है।
सरकारी विभागों को दलाल मुक्त करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न विभागों में सक्रिय दलालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। प्रत्येक विभाग को दलाल मुक्त करने के लिए पुलिस सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिस पर दलालों के नाम दर्ज किए जा सकेंगे।
दो लाख नियुक्तियों के लक्ष्य के बीच पदोन्नति प्रक्रिया होगी तेज
डॉ. सरमा ने कहा कि राज्य सरकार दो लाख नियुक्तियों के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है। कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को तेज करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने घोषणा की कि सचिवालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की पदोन्नति अब चार वर्ष के बजाय तीन वर्ष में की जा सकेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

