असम में स्थापित होगा स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, पर्यटन एवं आतिथ्य कौशल सम्मेलन में हुआ एमओयू
गुवाहाटी, 02 नवंबर (हि.स.)। असम के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कौशल प्रशिक्षण और विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (एसआईआईसी) स्थापित किया जाएगा।
इस संबंध में सोमवार को गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित नॉर्थईस्ट टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्किल कॉन्क्लेव 2026 के दौरान केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा असम सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता तथा शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी और असम सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता मंत्री बिस्वजीत दैमारी उपस्थित थे।
प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र और विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर पीएम-सेतु पहल के तहत एक क्लस्टर की भी घोषणा की गई। इसमें केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, असम सरकार, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी), नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड और ऑयल इंडिया लिमिटेड शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने कहा कि असम के युवाओं को वैश्विक स्तर पर उभरते रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल से लैस करना जरूरी है। उन्होंने पूर्वोत्तर में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार, उद्योग जगत और कौशल विकास संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने पूर्वोत्तर में कौशल विकास व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय रोजगार के नए रास्ते तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
सम्मेलन के दौरान पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों को लेकर कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न हितधारकों ने उद्योगों की आवश्यकताओं, अंतरराष्ट्रीय कौशल मानकों, प्रशिक्षण और विदेशों में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

