असम में 475 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होगा जहाज निर्माण केंद्र
गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। असम में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कामरूप जिले के धारापुर में 475 करोड़ रुपये के निवेश से जहाज निर्माण केंद्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस परियोजना से राज्य में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित जहाज निर्माण केंद्र में जहाजों, बजरों, जलयानों तथा समुद्री ढांचों के डिजाइन तैयार करने से लेकर उनके निर्माण, संयोजन और परिचालन शुरू करने तक की विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना से असम के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही राज्य में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहाज निर्माण जैसे नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास असम को एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

