असम में पीएम आवास योजना के तहत बनेंगे 3.8 लाख से अधिक नए घर, 5,000 करोड़ का निवेश
गुवाहाटी, 26 अगस्त (हि.स.)। बाढ़ प्रभावित और बेघर लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत असम में 3.8 लाख से अधिक नए घरों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राज्य में करीब ₹5,000 करोड़ का निवेश किया जाएगा।
इस पहल से बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित बड़ी संख्या में परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा कृषि क्षेत्र के विकास के लिए असम को अतिरिक्त ₹139 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी।
इन मुद्दों को लेकर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक की। बैठक में आवास, कृषि विकास तथा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सहायता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

