home page

असम में पीएनजी कनेक्शन विस्तार की पहल, एलपीजी पर निर्भरता घटाने की तैयारी

 | 
असम में पीएनजी कनेक्शन विस्तार की पहल, एलपीजी पर निर्भरता घटाने की तैयारी


गुवाहाटी, 18 मार्च (हि.स.)। लिक्यूफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) आपूर्ति की बदलती स्थिति और उससे जुड़े भू-राजनीतिक कारकों को ध्यान में रखते हुए असम सरकार ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन के विस्तार को लेकर समीक्षा की है और राज्य में इसके विस्तार की प्रक्रिया शुरू की है।

इसकी जानकारी आज राज्य सरकार के द्वारा आधिकारिक रूप से जारी एक बयान में कह गयाा है कि यह समीक्षा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है, जिसका उद्देश्य राज्य के लोगों को विश्वसनीय और सुविधाजनक ऊर्जा उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि पीएनजी का विस्तार ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा और एलपीजी पर निर्भरता को कम करेगा।

राज्य में पीएनजी अवसंरचना विकसित करने का कार्य असम गैस कंपनी लिमिटेड (एजीसीएल), पूर्व भारतीय गैस प्राइवेट लिमिटेड (पीबीजीपीएल) और नॉर्थ ईस्ट गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनईजीडीसीएल) को सौंपा गया है, जो चयनित जिलों में पाइपलाइन नेटवर्क तैयार कर रही हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पीएनजी कनेक्शन केवल उन्हीं क्षेत्रों में दिए जाएंगे जहां पाइपलाइन अवसंरचना उपलब्ध होगी। अवसंरचना विस्तार का कार्य जुलाई से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराना है, जिससे पारंपरिक एलपीजी पर निर्भरता धीरे-धीरे कम हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश