तैराक तीर्थंक पेगू के यूथ ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर मुख्यमंत्री एवं असम तैराकी संघ ने दी बधाई
-यूथ ओलंपिक खेलों में तैराकी में पदक जीतने वाले भारत के पहले पुरुष तैराक बने तिर्थंक
गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। असम के उभरते हुए तैराक तीर्थंक पेगू ने यूथ ओलंपिक में पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए तीर्थंक पेगू को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इसे भारतीय तैराकी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थंक वैश्विक स्तर पर पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष तैराक बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से असम के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि तीर्थंक की सफलता देश के युवा और उभरते हुए तैराकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं दूसरी ओर पेगु की इस उपलब्धि पर आज असम तैराकी संघ के सचिव भास्कर दास तथा प्रचार सचिव मुकुतेश्वर गोस्वामी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय तैराकी के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए असम के तैराक तिर्थंक पेगु ने 2026 यूथ ओलंपिक खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। सेनेगल के अफ्रीकी शहर डकार में 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक आयोजित हो रहे इन खेलों की पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में तिर्थंक ने 2 मिनट 01.25 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ तिर्थंक पेगु यूथ ओलंपिक खेलों में तैराकी में पदक जीतने वाले भारत के पहले पुरुष तैराक बन गए हैं। उनकी इस सफलता से न केवल देश, बल्कि असम और भारतीय तैराकी जगत में भी खुशी और गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर असम तैराकी संघ के सचिव भास्कर रंजन दास ने कहा कि तिर्थंक का यह प्रदर्शन भारतीय तैराकी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनकी सफलता देशभर के युवा तैराकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
असम तैराकी संघ ने तिर्थंक पेगु की इस असाधारण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में निरंतर सफलता की कामना की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

