जंगली मशरूम खाने से बच्चे समेत 11 लोग बीमार
तिनसुकिया (असम), 30 मार्च (हि.स.)। ऊपरी असम के तिनसुकिया जिलांतर्गत सदिया में जंगली मशरूम खाने के बाद बच्चे समेत 11 लोग बीमार हो गये। सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि जंगली मशरूम खाने के बाद बीमार लोगों को सादिया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार सभी लोग सादिया के रुक्मिणी देउरी गांव के रहने वाले हैं। मरीजों में वयस्क और नाबालिग दोनों शामिल हैं, जिनकी 2 वर्ष से 60 वर्ष तक बतायी गयी है।
बीमार लोगों की पहचान सुम्बारी देउरी (60), अभिजीत देउरी (45), उज्ज्वल देउरी (4), निरंजन देउरी (2), मामोनी देउरी (30), कुजय देउरी (56), मिताली देउरी (55), राधिका देउरी (12), नानी देउरी (35), मनजीत देउरी (19) और प्रोजेश देउरी (20) के रूप में की गयी है। दावा किया गया है कि बीती रात मशरूम खाने के बाद 11 लोग बीमार हो गये, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
अस्पताल के सूत्रों ने पुष्टि की है कि सभी मरीजों को इलाज मिल रहा है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है, और उनकी हालत पर करीब से नज़र रखी जा रही है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने गांव वालों से जंगली मशरूम खाते समय सावधानी बरतने की अपील की है और जहरीली किस्मों से जुड़े खतरों के बारे में आगाह किया है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

