चाय बागान में जंगली हाथियों के हमले में मां और बेटे की मौत
तिनसुकिया (असम), 07 मार्च (हि.स.)। उपरी असम के तिनसुकिया जिलांतर्गत ब्रह्मजान चाय बागान इलाके में बीती रात जंगली हाथियों के हमले में एक महिला एवं उसके पुत्र की मौत हो गयी। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार काे बताया कि बीती देर रात एक चाय बागान में जंगली हाथियों के झुंड ने प्रवेश कर एक घर पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई।
यह घटना दुमदुमा फॉरेस्ट डिवीजन के पेंगरी इलाके में ब्रह्मजान चाय बागान में हुई, जब हाथियों का एक झुंड श्रमिकों के लाइन में घुस गया, जिसके चलते वहां रहने वालों में दहशत फैल गई।
सूचना के अनुसार, हाथियों ने चाय बागान में काम करने वाले बुधन रौतिया (50) और उनकी मां अनीता रौतिया (70) के घर पर हमला किया। दोनों को उनके घर के अंदर ही हाथियों ने पैरों तले कुचलकर मार डाला।
बताया गया है कि यह घटना आधी रात के आसपास हुई जब झुंड चाय बागान इलाके में भोजन की तलाश में प्रवेश कर गया और घरों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।
लोगों ने कहा कि हाथी कई दिनों से इस इलाके में घूम रहे थे, जिससे गांव वालों और चाय बागान में काम करने वालों में दहशत का माहौल कायम था। लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि इलाके में हाथियों की आवाजाही के बारे में बार-बार की गई शिकायतों पर ठीक से ध्यान नहीं दिया गया। लोगों ने दावा किया कि दुमदुमा फॉरेस्ट डिवीज़न के पेंगरी में खटांगपानी फॉरेस्ट रेंज के कई इलाकों में इंसान-हाथी टकराव बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाथियों के बार-बार आने के बावजूद, वन विभाग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए असरदार कदम उठाने में नाकाम रहा है। बाद में वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। ------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

