असम के हैलाकांदी में ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत
हैलाकांदी (असम), 02 नवंबर (हि.स.)। असम के हैलाकांदी जिले में ट्रेन की चपेट में आने से एक 16 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान काबेरी के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, काबेरी रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। बताया जाता है कि किशोरी का दुपट्टा चलती ट्रेन में उलझ गया, जिससे वह ट्रेन के नीचे आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए हैलाकांदी स्थित एसके रॉय सिविल अस्पताल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि जिले में रेलवे से जुड़ी यह दूसरी दुखद घटना है। इससे पहले हैलाकांदी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान 19 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

