home page

असम में जमीन पट्टा व वेतन वृद्धि काे लेकर चाय बागान श्रमिकों ने किया राज्यव्यापी प्रदर्शन

 | 
असम में जमीन पट्टा व वेतन वृद्धि काे लेकर चाय बागान श्रमिकों ने किया राज्यव्यापी प्रदर्शन


गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी। असम में अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर शनिवार को चाय बागान श्रमिकों ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। राज्य के अलग-अलग चाय बागानों में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जमीन का पट्टा देने, अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा प्रदान करने और दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी करने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया है। श्रमिकों ने सरकार से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की।

चाय बागान श्रमिकों ने मुख्य रूप से तीन मांगें उठाईं। इनमें चाय बागानों में रहने वाले श्रमिक परिवारों को जमीन का कानूनी पट्टा देना, अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान करना और दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी करना शामिल है। श्रमिकों का कहना है कि जमीन का मालिकाना हक मिलने से उनके परिवारों को स्थायी सुरक्षा मिल सकेगी। वहीं, ST दर्जे और बेहतर मजदूरी से उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है।

राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का असर गोलाघाट जिले में भी देखने को मिला। यहां जालान चाय बागान के श्रमिकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश