असम में पांच लाख बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने पांच लाख बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के वन क्षेत्रों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी सरकार ने पिछले कार्यकाल के दौरान अतिक्रमण के खिलाफ कड़े कदम उठाए थे। इस बार भी इस अभियान को जारी रखते हुए बड़े पैमाने पर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने वन विभाग को वन भूमि पर अवैध कब्जे, अवैध खनन और अन्य प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही, उपग्रह के माध्यम से लगातार निगरानी की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कहा गया है, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से नजर रखी जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के वन क्षेत्रों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

