सड़क हादसे में बिहू नृत्यांगना की मौत
तामुलपुर (असम), 25 अप्रैल (हि.स.)। तामुलपुर जिलांतर्गत तामुलपुर-नाग्रीजुली सड़क पर नौकाटा के पास बीती देर रात हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय बिहू नृत्यांगना की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
घटना के अनुसार, एक वाहन से नलबाड़ी के हरिभंगा से भास्कर ज्योति बिहू हुसोरी टीम तामुलपुर के बंगालीपारा में बिहू की प्रस्तुति देने जा रही थी। बताया जा रहा है कि 30 सदस्यीय बिहू दल को लेकर जा रही गाड़ी (एएस-25डीसी-5893) की सामने से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार ट्रेलर (पीबी- 03एपी-6681) से सीधी टक्कर हो गई। मृतक की पहचान तामुलपुर जिले के निज झरगांव की निवासी निशामणि हालोई के तौर पर हुई है।
हादसे में घायल होने वालों में अरुण मेधी, विद्युत दास, जगत राय, ड्राइवर पंकज बैश्य, अंकिता दास, रतन कलिता, नीतू बरुवा, शिवानी बरुवा, काब्यश्री सरुआ और दिबाकर मोरान शामिल हैं। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल रेफर कर दिया गया है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

