home page

असम को जापान के साथ रणनीतिक साझेदारी से मिलेगा औद्योगिक विकास को बढ़ावा

 | 
असम को जापान के साथ रणनीतिक साझेदारी से मिलेगा औद्योगिक विकास को बढ़ावा


गुवाहाटी, 04 जुलाई, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम प्रदेश के प्रवक्ता मानस सरनिया ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम ने जापान के साथ मजबूत रणनीतिक साझेदारी स्थापित की है, जिससे राज्य में आधारभूत संरचना, सेमीकंडक्टर निर्माण, हरित ऊर्जा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बड़े निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मीडिया को संबोधित करते हुए सरनिया ने कहा कि जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची का प्रस्तावित असम दौरा जापानी संसद के सत्र के कारण स्थगित हो गया, लेकिन जापान की असम में निवेश और सहयोग की प्रतिबद्धता पहले की तरह मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के जापान दौरे और वहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ निरंतर संवाद का परिणाम है कि असम पूर्वोत्तर भारत में निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने बताया कि हालिया भारत-जापान शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौतों से असम को उन्नत आधारभूत संरचना, सेमीकंडक्टर, आपूर्ति श्रृंखला और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नए अवसर प्राप्त हुए हैं। जापानी कंपनियां जागीरोड स्थित टाटा सेमीकंडक्टर परियोजना में सहयोग करेंगी, जबकि जेआईसीए की सहायता से राज्य में सेमीकंडक्टर नवाचार प्रयोगशालाएं स्थापित करने पर भी विचार चल रहा है। इसके अलावा नगरबेरा में जापानी औद्योगिक टाउनशिप तथा बांग्लादेश के मातरबाड़ी बंदरगाह से असम को जोड़ने वाले औद्योगिक गलियारे की भी योजना है।

सरनिया ने कहा कि जापान के सहयोग से धुबड़ी-फुलगुड़ी पुल, गुवाहाटी की पेयजल, सीवरेज और ड्रेनेज परियोजनाएं, बांस आधारित जैव ईंधन परियोजनाएं तथा डेयरी क्षेत्र से जुड़ी बायो-सीएनजी योजनाएं पहले से ही आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सीएम-फ्लाइट पहल के तहत युवाओं को जापानी भाषा का प्रशिक्षण देकर वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से असम में बड़े पैमाने पर निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और जापान के साथ मजबूत संबंधों को दिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश