home page

गुवाहाटी समेत असम के कई इलाकों में तूफान का कहर, घरों की छतें उड़ीं, बिजली आपूर्ति ठप

 | 
गुवाहाटी समेत असम के कई इलाकों में तूफान का कहर, घरों की छतें उड़ीं, बिजली आपूर्ति ठप


गुवाहाटी, 17 मार्च (हि.स.)। असम की राजधानी गुवाहाटी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में सोमवार रात आए तेज़ तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। तूफानी हवाओं के कारण कई जगह बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, वहीं बड़े-बड़े पेड़ों के गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। अनेक घरों की टीन निर्मित छतें उड़ गईं और झोपड़ीनुमा मकानों को भारी नुकसान पहुंचा।

कामरूप (ग्रामीण) जिले के बोको क्षेत्र में तूफान ने 30 से अधिक गांवों को प्रभावित किया। तेज़ हवाओं ने घरों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से लोग संभल भी नहीं पाए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भेहुआ गांव में एक व्यक्ति के तीन घर पूरी तरह से ढह गए, लेकिन परिवार के सदस्य सुरक्षित बच निकले। तूफान का असर छोटे व्यवसायों पर भी पड़ा है। एक राशन दुकान की टीन की छत तेज हवाओं में उड़ गई, जिससे वहां रखा सामान खराब हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, तूफान के दौरान घरों का सामान, मवेशियों के रहने के स्थान और गोदामों में रखा सामान बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत, अस्थायी आश्रय, बिजली व्यवस्था की मरम्मत और नुकसान के मुआवजे की मांग की है। फिलहाल नुकसान का आधिकारिक आकलन नहीं किया गया है।

वहीं पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरनी इलाके में भी तूफान और बारिश से भारी नुकसान हुआ है। जिरिम कार्बी, जिरिबासा, गोहाईं और दीथलेम गांवों में खासकर सुपारी (तामुल) और नारियल के पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई जगह बिजली के खंभे गिर गए और ग्रामीणों के घरों की टीन की छतें उड़ गईं।

होजाई जिले के लंका क्षेत्र के 2 नंबर नेपाली बस्ती में भी तूफान का व्यापक असर देखने को मिला। जिले के अन्य हिस्सों से भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं, जहां तेज हवाओं ने घरों की छतें उड़ा दीं और संपत्ति को भारी क्षति पहुंचाई।

तूफान के बाद मंगलवार सुबह से बिजली विभाग और वन विभाग की टीमें बिजली आपूर्ति बहाल करने और सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन हालात सामान्य करने के प्रयासों में लगा हुआ है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय