home page

प्रथम वाहिनी एसएसबी का टीबी मुक्त भारत पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
प्रथम वाहिनी एसएसबी का टीबी मुक्त भारत पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


गुवाहाटी, 05 मई (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने टीबी को खत्म करने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी पहल टीबी मुक्त भारत के तहत आज एक जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया। अभियान का आयोजन कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. रिंकू डे, संदीक्षा अध्यक्ष वैशाली कौशिक और सहायक कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. टी. निर्जंता देवी के मार्गदर्शन में किया गया।

यह अभियान वाहिनी के सभी कार्मिकों और संदीक्षा सदस्यों को टीबी के कारणों, लक्षणों, रोकथाम और उपचार के बारे में शिक्षित करने पर केंद्रित था। बीमारी का शीघ्र पता लगाने, उपचार का पालन करने और बीमारी से जुड़े कलंक को कम करने पर विशेष जोर दिया गया।

अभियान को चिह्नित करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए गुवाहाटी के दिसपुर स्थित जीएनआरसी अस्पताल के कंसल्टेंट डिपार्टमेंट ऑफ मेडिसिन के एमडी (मेडिसिन) डॉ. इरशाद अली अहमद, को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने टीबी की रोकथाम के लिए विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला। इस दौरान चिकित्सक द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा जांच की गई।

सभी प्रतिभागियों को जागरूकता फैलाने, समय पर चिकित्सा परामर्श सुनिश्चित करने और इलाज करा रहे लोगों की सहायता करके पहल का समर्थन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक भागीदारी को महत्वपूर्ण है बताया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी