प्रथम वाहिनी एसएसबी ने चलाया व्यापक पौधरोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गुवाहाटी, 26 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रविवार को उरल, बिरसा मुंडा प्ले ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया। कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण का विस्तार तथा आमजन को प्रकृति के प्रति जागरूक करना था। प्रथम वाहिनी एसएसबी पिछले कुछ दिनों से लगातार पौधरोपण सहित विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
अभियान में एसएसबी के अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य आरक्षी (सामान्य) दंडगी कौतिक ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं होते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की मजबूत आधारशिला भी हैं। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो हरित पर्यावरण के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
प्रथम वाहिनी एसएसबी समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनजागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह पौधरोपण अभियान भी उसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

