एसएसबी ने आयोजित किया पशु चिकित्सा नागरिक कल्याण कार्यक्रम
गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। प्रथम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के ‘एफ’ समवाय ने गोलाघाट के अपने कार्यक्षेत्र अंतर्गत हलमीरा में बुधवार काे पशु चिकित्सा नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया।
गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन डॉ. ई. चौबा सिंह, कमांडेंट (पशु चिकित्सा) द्वारा किया गया। इस अवसर पर आई. इम्फी जमीर, सहायक कमांडेंट एवं समवाय प्रभारी, ‘एफ’ समवाय द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं एसएसबी द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कुल 129 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 46 ग्रामीण पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, उचित देखभाल एवं पशु चिकित्सा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा आयोजित इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम की सराहना करते हुए वाहिनी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार प्रथम वाहिनी एसएसबी, सोनापुर द्वारा सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर इस तरह के नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय जनता को आवश्यक सहायता एवं सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे एसएसबी और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण संबंध और अधिक सुदृढ़ हो रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

