प्रथम वाहिनी एसएसबी ने मनाया पुलिस स्मृति दिवस
गुवाहाटी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के बाहरी इलाका सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा बुधवार काे वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय तथा सभी समवायों में पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट कौशिक ने शहीद स्मारक पर पुष्पमाला अर्पित कर देश की रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया गया।
वर्ष 2026 के दौरान देश की रक्षा एवं सुरक्षा के कर्तव्य का निर्वहन करते हुए 154 पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा राष्ट्र की सुरक्षा, शांति एवं अखंडता बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान उप कमांडेंट (प्रचार अधिकारी) विकास सिंह, सहायक कमांडेंट जयंत बोरा एवं दंडपाल द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को पुलिस फ्लैग डे के टिकट लगाए गए। वाहिनी मुख्यालय सहित सभी समवायों में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करना तथा उनके त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

