स्वतंत्रता दिवस पर एसएसबी का दो दिवसीय देशभक्ति संगीतमय कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी की प्रथम वाहिनी के सौजन्य से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी के जैज़, पाइप एवं ब्रास बैंड के द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को गुवाहाटी के सती राधिका शांति उद्यान (ब्रह्मपुत्र रिवर फ्रंट) में शानदार संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसएसबी बैंड की मनमोहक प्रस्तुति से गुवाहाटी वासियों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में आम जनों की अपार सहभागिता रही।
कार्यक्रम के द्वारा संगीत के माध्यम से गुवाहाटी एवं असम वासियों में एकता, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश को और प्रगाड़ करना तथा बल को जनमानस से और बेहतर रूप से जोड़ना था । समारोह के दौरान उप महानिरीक्षक रजनीश लाम्बा, नीरज चंद, कमांडेंट (प्रशासन) एमकेएस मुंडा समस्त अधिकारी, स्थानीय प्रशासन, बलकर्मी एवं आम लोग उपस्थित रहे। इसी कड़ी 15 अगस्त को गुवाहाटी के सिटी सेंटर मॉल में संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
उल्लेखनीय है कि सीमांत मुख्यालय, गुवाहाटी में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय महानिरीक्षक सुधीर वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी थी। इस अवसर पर उन्होंने बलकर्मियों एवं उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए शहीदों को नमन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सीमांत गुवाहाटी के परिचालनात्मक, प्रशासनिक एवं खेल के क्षेत्र में उपलब्धियों की जानकारी दी एवं बताया कि एसएसबी 1751 किमी भारत- नेपाल सीमा एवं 699 किमी भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा के साथ साथ सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के विकास की जिम्मेवारी को पूर्ण सजगता, कर्तव्यनिष्ठा एवं बंधुत्व की भावना के साथ निभा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

