'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत प्रथम वाहिनी एसएसबी की मिनी मैराथन और देशभक्ति दौड़ आयोजित
- रोवता बागान रेलवे स्टेशन परिसर में चला स्वच्छता अभियान
गुवाहाटी, 04 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा आज़ादी का अमृत महोत्सव और 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में 'एफ' कंपनी, मोरिगांव द्वारा मिनी मैराथन और देशभक्ति दौड़ का आयोजन किया गया। वहीं 'ए' समवाय, रोवता द्वारा रोवता बागान रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
पहले कार्यक्रम का शुभारंभ 'एफ' कंपनी के कंपनी कमांडर एवं सहायक कमांडेंट इम्थी जामिरल द्वारा किया गया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने 'हर घर तिरंगा' अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यह अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एसएसबी के कार्मिकों और स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना, शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करना और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस कार्यक्रम में 'एफ' कंपनी के अधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और आम जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज लेकर और देशभक्ति के नारे लगाते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की सेवा, तिरंगे का सम्मान और स्वस्थ अनुशासित जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
वहीं एक अन्य कार्यक्रम के तहत प्रथम वाहिनी एसएसबी की 'ए' समवाय, रोवता द्वारा रोवता बागान रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई को बढ़ावा देना, आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ व स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में 'ए' समवाय, रोवता के अधिकारी एवं जवानों ने स्थानीय नागरिकों, रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के साथ मिलकर स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। प्रतिभागियों ने प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया, दीवारों से पोस्टर हटाए और लोगों को कचरा कूड़ेदान में डालने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और एक कदम स्वच्छता की ओर के संकल्प को अपने जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

