होजाई में मानव तस्करी के संबंध में प्रथम वाहिनी एसएसबी की “जी” समवाय ने आयोजित की जागरूकता कार्यशाला
गुवाहाटी, 15 सितंबर (हि.स.)। सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन एवं द्वितीय-कमान केएच इबोचौबा सिंह के निर्देशन में आज प्रथम वाहिनी की “जी” समवाय ने होजाई में उद्देशना-ए-जागृति मंच (एनजीओ) के तत्वावधान में मानव तस्करी के संबंध में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया।
कार्यशाला के दौरान उद्देशना-ए-जागृति मंच की ओर से उपस्थित उपाध्यक्ष पूर्णिमा सिंह, सचिव बंकिम चक्रवर्ती तथा संयुक्त सचिव दीप स्वरूप शील द्वारा जवानों को असम क्षेत्र में मानव तस्करी के विभिन्न तरीकों एवं कार्यप्रणालियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, मानव तस्करी से संबंधित वर्तमान आंकड़ों एवं उपलब्ध तथ्यों को साझा करते हुए इसके विभिन्न स्वरूपों, कारणों तथा दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।
विशेषज्ञों द्वारा मानव तस्करी के संभावित मामलों की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, पीड़ितों की पहचान तथा मानव तस्करी से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के संबंध में जवानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों एवं जिला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जवानों को मानव तस्करी के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना तथा संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान कर मानव तस्करी की रोकथाम हेतु आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक समझ प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर “जी” समवाय, होजाई के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, पीड़ितों की सहायता करने तथा समाज को सुरक्षित एवं मानव तस्करी मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

