home page

एसएसबी प्रथम वाहिनी मुख्यालय में जाली भारतीय मुद्रा एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित

 | 
एसएसबी प्रथम वाहिनी मुख्यालय में जाली भारतीय मुद्रा एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित


गुवाहाटी, 23 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी मुख्यालय में बुधवार को जाली भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसएसबी की प्रथम वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट केएच. इबोचौबा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें वाहिनी मुख्यालय में उपस्थित कार्मिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), सोनापुर शाखा के बैंक अधिकारियों ने कार्मिकों को जाली भारतीय मुद्रा नोटों की पहचान एवं उनसे बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेष रूप से ₹100, ₹200 एवं ₹500 के नोटों में मौजूद सुरक्षा विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया गया तथा वास्तविक एवं जाली नोटों के बीच अंतर पहचानने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि जाली भारतीय मुद्रा का प्रचलन देश की आर्थिक एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। सीमा सुरक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एसएसबी कार्मिकों के लिए जाली मुद्रा की पहचान एवं उससे संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जाली नोटों के प्रचलन को रोकने में आम नागरिकों की जागरूकता और सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

इसके साथ ही कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को लेकर भी कार्मिकों को जागरूक किया गया। अनजान एवं संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य एसएसबी कार्मिकों को जाली मुद्रा एवं बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से कार्मिकों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव और जाली मुद्रा के प्रचलन को रोकने में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए सोनापुर स्थित एसबीआई के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को उनके सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय