होजाई में एसएसबी ने प्राइमरी स्कूल में आयोजित किया चित्रांकन प्रतियोगिता
होजाई (असम), 09 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में होजाई में बल के जी समवाय द्वारा आज़ादी का अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन होजाई स्थित राजकीय प्राइमरी स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता का विषय 'देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगा' रखा गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के 46 विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा अपने चित्रों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, तिरंगे के सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता का आकर्षक एवं प्रेरणादायी चित्रण प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को मेडल से नवाजा गया।
प्रथम वाहिनी एसएसबी मुख्यालय द्वारा रविवार काे बताया कि कार्यक्रम में स्कूल के अध्यापकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों एवं सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों ने भाग लिया ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशभक्ति तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।
विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

